भरतपुर , मार्च 16 -- वर्ल्ड पैरालंपिक समिति के प्रमुख पॉल फिजगेरल्ड एवं पैरालंपिक समिति ऑफ इंडिया के सीईओ राहुल स्वामी ने कहा है कि भारत का पैरालंपिक खेलों में प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है।
अपने परिवार के साथ दो दिन के लिये राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य आये राहुल स्वामी ने कहा कि वर्ष 2016 में भारत ने चार पदक जीते थे, जबकि 2020 टोक्यो पैरालंपिक में 19 पदक हासिल किए। वहीं 2024 पेरिस पैरालंपिक में भारत ने 29 पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। राहुल स्वामी ने कहा कि अब भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैरालंपिक टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में वर्ल्ड कप पैरा शूटिंग का आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा 100 से अधिक देशों की भागीदारी के साथ वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप भी कराई गई है। आने वाले समय में भारत का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय खेलों में अपनी मजबूत मौजूदगी और प्रतिनिधित्व को और बढ़ाना है।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दोनो अतिथियों को जंगल सफारी के साथ रणथंभौर के जंगल, वन्यजीव और संरक्षण व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित