गांधीनगर , जनवरी 12 -- भारत और जर्मनी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम तथा दिल्ली में आतंकवादी हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है।
दोनों देशों ने आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों और ढांचों को समाप्त करने तथा आतंकवादी नेटवर्क के वित्तपोषण पर अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अंकुश लगाये जाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के बीच सोमवार को यहां हुई वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी रूपों, जिनमें सीमा-पार आतंकवाद भी शामिल है, के खिलाफ व्यापक और सतत अंतरराष्ट्रीय प्रयास आवश्यक हैं।
संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप आतंकवाद से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा संयुक्त राष्ट्र 1267 प्रतिबंध समिति में सूचीबद्ध आतंकवादी संगठनों सहित सभी आतंकवादी तत्वों के खिलाफ सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई।
दोनों पक्षों ने पारस्परिक कानूनी सहायता संधि का स्वागत किया और आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह के तहत हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित