नयी दिल्ली , फरवरी 07 -- भारतीय जनता पार्टी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को बड़ी उपलब्धि बताया है।

भाजपा प्रवक्ता श्री सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा दिये गये भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रारंभिक विवरणों का हवाला देते हुए कहा कि अब किसी भी प्रकार के संदेह या भ्रम की गुंजाइश नहीं बचती, जबकि विपक्ष लगातार गलतफहमी फैलाने की कोशिश कर रहा है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सक्षम नेतृत्व में सरकार ने इस समझौते को आगे बढ़ाते हुए किसानों, मजदूरों, डेयरी और दुग्ध उत्पादन से जुड़े लोगों के हितों की पूरी तरह रक्षा की है। उन्होंने दावा किया कि समझौते से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के लिए दुनिया की सबसे बड़ी और विकसित अर्थव्यवस्था अमेरिका के बाजार तक पहुंच का मार्ग प्रशस्त होगा।

श्री त्रिवेदी ने पिछले कुछ महीनों में भारत द्वारा ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, नॉर्डिक देशों तथा यूरोपीय संघ के साथ हुए व्यापारिक समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब अमेरिका के साथ यह पहल अंतरराष्ट्रीय आर्थिक कूटनीति में भारत की बड़ी सफलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित