लखनऊ , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार ढांचे को दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि यह समझौता मेक इन इंडिया को निर्णायक बढ़ावा देगा, जिससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक व्यापक पहुंच मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि यह व्यापार ढांचा किसानों के हितों, खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए संतुलित तरीके से तैयार किया गया है। इससे देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को मजबूती मिलेगी, निर्यात को नई ऊर्जा प्राप्त होगी और आपूर्ति शृंखलाएं अधिक सशक्त होंगी।
योगी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारत-प्रथम दृष्टिकोण पर आधारित एक संतुलित और पारस्परिक लाभ वाला समझौता है, जो युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित