नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपनी सुव्यवस्थित उत्तराधिकार योजना के तहत शीर्ष नेतृत्व में बड़े बदलावों की घोषणा की है। पिछले 13 वर्षों से प्रबंध निदेशक और सीईओ के रूप में कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले गोपाल विट्टल एक जनवरी 2026 से भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन की नई भूमिका संभालेंगे। वहीं, वर्तमान सीईओ डेजिग्नेट शाश्वत शर्मा इसी दिन से कंपनी के नए प्रबंध निदेशक और सीईओ का पदभार ग्रहण करेंगे।

नेतृत्व परिवर्तन की इस प्रक्रिया के तहत गोपाल विट्टल अब समूह स्तर पर डिजिटल, टेक्नोलॉजी, नेटवर्क रणनीति और टैलेंट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तालमेल बिठाने और भविष्य की रणनीति तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। पिछले एक साल से गोपाल विट्टल के मार्गदर्शन में व्यवसाय की बारीकियों को समझने वाले शाश्वत शर्मा अब इंडिया ऑपरेशंस का नेतृत्व करेंगे और श्री विट्टल को रिपोर्ट करेंगे।

कंपनी ने वित्तीय और प्रशासनिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। वर्तमान सीएफओ सौमेन रे को अब ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बनाया गया है, जबकि अखिल गर्ग भारती एयरटेल इंडिया के नए सीएफओ होंगे। इसके अलावा, रोहित पुरी को कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पंकज तिवारी समूह स्तर पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित