नयी दिल्ली , जनवरी 31 -- भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (आईआईएफटी) ने टाइम्स बी-स्कूल रैंकिंग 2026 में पहला स्थान प्राप्त किया है।
यह अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक व्यवसाय पर विशेष ध्यान देने वाले प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में इसकी स्थिति को और मजबूत करता है।
आईआईएफटी भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संस्थान है। इसके परिसर दिल्ली, कोलकाता, काकीनाडा और गिफ्ट सिटी में स्थित हैं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस उपलब्धि पर संस्थान को बधाई देते हुए इसे छात्रों को कौशल, दूरदर्शिता और महत्वपूर्ण क्षमताओं से सशक्त बनाने में आईआईएफटी के निरंतर प्रयासों का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने और वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत की उपस्थिति को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
वाणिज्य सचिव और आईआईएफटी के कुलाधिपति राजेश अग्रवाल ने कहा कि संस्थान की प्रगति इसकी मजबूत शैक्षणिक नींव, बढ़ते वैश्विक दृष्टिकोण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आईआईएफटी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभरने की भारत की आकांक्षा का समर्थन करता है और राष्ट्रीय व्यापार, आर्थिक तथा रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुरूप वैश्विक स्तर पर सक्षम प्रबंधन पेशेवरों को तैयार करके विकसित भारत की परिकल्पना में योगदान देता है।
आईआईएफटी के कुलपति प्रोफेसर राकेश मोहन जोशी ने शैक्षणिक दृढ़ता, नीतिगत प्रासंगिकता, उद्योग के साथ जुड़ाव और अंतर्राष्ट्रीय पहुंच को बढ़ाकर, शिक्षण, अनुसंधान और संचालन में वर्तमान समय की वास्तविकताओं को एकीकृत करके इसे विश्व स्तरीय संस्थान बनाने का लक्ष्य रखा है।
आईआईएफटी की स्थापना साल 1963 में हुई थी। यह वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन एक डीम्ड विश्वविद्यालय है। आईआईएफटी उत्कृष्ट एमबीए कार्यक्रम, कार्यकारी शिक्षा और डॉक्टरेट अनुसंधान प्रदान करता है। यह वैश्विक वाणिज्य और व्यापार नीति में देश के विकास में योगदान देता है। संस्थान का एक परिसर जल्द ही दुबई शुरू होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित