नयी दिल्ली , दिसंबर 14 -- भारतीय रेलवे अपने पूरे ब्रॉडगेज नेटवर्क का विद्युतीकरण जल्द पूरा कर ऐसी उपलब्धि हासिल करने की ओर अग्रसर है जो कई विकसित देश नहीं कर पाए हैं।

देश के कुल ब्रॉडगेज नेटवर्क का 99 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पहले ही विद्युतीकृत हो चुका है। रेलवे ने रविवार को बताया कि शेष हिस्सों का काम भी शीघ्र ही पूरा होने की संभावना है।

वर्ष 2019 से 2025 के बीच भारतीय रेलवे ने 33,000 किलोमीटर से अधिक मार्ग का विद्युतीकरण किया, जो औसतन प्रतिदिन 15 किलोमीटर से अधिक की गति से हुआ है। इस अवधि के दौरान विद्युतीकृत कुल दूरी लगभग जर्मनी के पूरे रेलवे नेटवर्क के बराबर है।

भारत का ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क का 99.2 प्रतिशत विद्युतीकृत हो चुका है, जो 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैला हुआ है।

भारत की उपलब्धि उन देशों की तुलना में भी उल्लेखनीय है जिनके पास लंबे समय से स्थापित रेल प्रणालियाँ हैं।

सबसे पहले रेल नेटवर्क बनाने वाले ब्रिटेन में इसका 39 प्रतिशत हिस्सा ही विद्युतीकृत है। यूरोपीय देशों में यह आंकड़ा 56 प्रतिशत और एशिया प्रशांत क्षेत्र में 60 प्रतिशत है जबकि वैश्विक औसत 40 प्रतिशत है।

रेल नेटवर्क के विद्युतीकरण से देश में डीजल की खपत कम हुई है, कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है, परिचालन लागत घटी है और ट्रेनों के संचालन की दक्षता और गति में सुधार हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित