नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- भारतीय नौसेना ने बहुराष्ट्रीय संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के अंतर्गत बहुराष्ट्रीय संयुक्त टास्क फोर्स (सीटीएफ) 154 की कमान संभाल ली है। नौसेना ने गुरुवार को बताया कि बहरीन के मनामा स्थित सीएमएफ के मुख्यालय में एक समारोह में भारतीय नौसेना ने बुधवार को टास्क फोर्स की कमान संभाली। समारोह की अध्यक्षता अमेरिकी नौसेना के वाइस एडमिरल कर्ट ए. रेनशॉ ने की। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के डिप्टी चीफ ऑफ नेवल स्टाफ वाइस एडमिरल तरुण सोबती तथा अन्य सदस्य देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित थे। भारतीय नौसेना के कमोडोर मिलिंद एम. मोकाशी, शौर्य चक्र, ने इतालवी नौसेना के निवर्तमान कमांडर से सीटीएफ 154 की कमान औपचारिक रूप से संभाली। सीटीएफ 154 विशेष रूप से सीएमएफ के सदस्य देशों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर केंद्रित है। यह क्षेत्र में भारत की पेशेवर विशेषज्ञता, संचालन अनुभव और 47 सदस्य देशों के बीच एक पसंदीदा सुरक्षा साझेदार के रूप में उसकी भूमिका पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
सीटीएफ 154 की स्थापना मई 2023 में की गयी थी और इसका उद्देश्य पश्चिम एशिया और आगे के क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित