बहराइच , जनवरी 16 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा के रूपईडीहा बॉर्डर पर भारतीय यात्रियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। नेपालगंज यातायात व्यवस्था कार्यालय ने भारतीय वाहनों के लिए लागू किया गया नया रूट परमिट नोटिफिकेशन वापस ले लिया है। इसके बाद अब भारतीय वाहन चालक और यात्री पहले की तरह सामान्य एंट्री कर नेपालगंज में प्रवेश कर सकेंगे। गौरतलब है कि नए नोटिफिकेशन के तहत भारतीय वाहनों को सीमा पर भंसार प्रक्रिया पूरी करने के साथ-साथ नेपालगंज स्थित यातायात व्यवस्था कार्यालय में शुल्क जमा कर रूट परमिट लेना अनिवार्य किया गया था। जमुनहा बॉर्डर पर परमिट बनाने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को नेपालगंज के एकांत क्षेत्र में स्थित कार्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे अधिकांश यात्री परमिट नहीं बनवा पा रहे थे।

इस स्थिति में शहर में प्रवेश करते ही नेपालगंज ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियम उल्लंघन का आरोप लगाकर भारी जुर्माना लगाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। बीते दो दिनों से बिना स्पष्ट सूचना बोर्ड और जानकारी के चालान किए जाने को लेकर भारतीय नागरिकों और पर्यटकों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

पर्यटकों और भारतीय नागरिकों की लगातार बढ़ती नाराजगी को देखते हुए नेपालगंज यातायात व्यवस्था कार्यालय ने देर रात इस नई व्यवस्था को वापस ले लिया। अब सीमा पार करने वालों पर किसी भी नई प्रक्रिया का दबाव नहीं रहेगा और यात्री पहले की तरह सामान्य एंट्री कर सीमा पार कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित