नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- भारत और फ्रांस ने संयुक्त रूप से यात्रा नियमों में बड़े बदलाव की घोषणा करते हुए गुरुवार को कहा कि अब भारतीय नागरिकों को फ्रांस के हवाई अड्डों से तीसरे देशों की यात्रा के लिए एयरपोर्ट ट्रांजिट वीज़ा की आवश्यकता नहीं होगी।
विदेश मंत्रालय और यहां स्थित फ्रांस के दूतावास ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि यह निर्णय गत 10 अप्रैल से लागू हो गया है और यह दोनों देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों को दर्शाता है।
मंत्रालय ने कहा है कि यह निर्णय गत फरवरी में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री मैक्रों द्वारा की गई घोषणा के बाद लिया गया है। फ्रांस के यूरोपीय क्षेत्र से केवल हवाई मार्ग द्वारा गुजरने वाले भारतीय नागरिकों को 10 अप्रैल से ट्रांजिट वीज़ा की आवश्यकता नहीं होगी। यह निर्णय दोनों नेताओं की द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की गहरी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है, जिसमें दोनों देशों के बीच लोगों के आवागमन को सुगम बनाकर आपसी संपर्क को और मजबूत करना शामिल है।
फ्रांस के दूतावास ने यहां जारी वक्तव्य में इस निर्णय की पुष्टि की और बताया कि 2010 के पुराने वीज़ा नियमों में संशोधन कर नयी व्यवस्था लागू की गयी है।
इस निर्णय से उन हजारों भारतीय यात्रियों के लिए ट्रांजिट प्रक्रिया सरल होने की उम्मीद है, जो फ्रांस के हवाई अड्डों के माध्यम से यूरोप, अमेरिका और अन्य देशों की यात्रा करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित