बारां , दिसम्बर 20 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहां व्यक्ति से अधिक संगठन और विचार सर्वोपरि हैं।
श्री माहुर के आज बारां आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष ओ.पी. पारेता की अगुवाई में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार, बारां-अटरु विधायक राधेश्याम बैरवा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, शहर अध्यक्ष ओ.पी. पारेता, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्री माहुर ने कहा कि संगठन में दायित्व कभी छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि व्यक्ति का राजनीतिक अनुभव, विभिन्न दायित्वों के निर्वहन की क्षमता और कर्म ही उसकी भूमिका तय करते हैं। उन्होंने कहा कि विचार के लिए कार्य करना ईश्वरीय कार्य है और प्रत्येक कार्यकर्ता को "तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहे न रहें" के भाव के साथ संगठन एवं राष्ट्रहित में निरंतर समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनसेवा को अपना संकल्प मानते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित