रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में चर्चित भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच को और विस्तारित करते हुए धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में दबिश दी है। सोमवार सुबह की गई इस कार्रवाई में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के रिश्तेदार भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों की तलाशी ली गई।
इस घटनाक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आज कहा कि जांच का दायरा केवल एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके तार व्यापक स्तर पर जुड़े हुए हैं, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मामला बड़े स्तर की अनियमितताओं की ओर इशारा कर सकता है।
श्री बैज ने आरोप लगाया कि देश में जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर एक पैटर्न उभरता दिख रहा है, जहां विपक्ष से जुड़े नेताओं पर पहले कार्रवाई होती है और बाद में राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार उन्हें राहत मिल जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा कार्रवाई के पीछे दो संभावित कारण हो सकते हैं-या तो सत्तारूढ़ दल के भीतर आंतरिक राजनीतिक संतुलन प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, अथवा सरकार के खिलाफ मुखर नेताओं पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित