बेतिया , अप्रैल 29 -- ारतमाला परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 डब्ल्यू (बेतिया-अरेराज) के निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी है। पश्चिमी चम्पारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर बुधवार को चनपटिया एवं नौतन अंचल कार्यालय परिसर में विशेष कैंप आयोजित कर प्रभावित रैयतों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा आवश्यक दस्तावेजों का निष्पादन किया गया।
जिला पदाधिकारी श्री सिंह ने नौतन में आयोजित कैंप का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि कैंप में बड़ी संख्या में रैयत उपस्थित हुए। दोनों अंचलों में कुल 70 एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) तैयार कर संबंधित रैयतों को उपलब्ध कराए गए, जबकि 31 रैयतों ने मुआवजा भुगतान के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया। प्राप्त आवेदनों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पात्र रैयतों को एक सप्ताह के भीतर मुआवजा राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान 100 नए एलपीसी आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, जिससे रैयतों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने कहा कि रैयतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार, 30 अप्रैल 2026 को भी चनपटिया एवं नौतन अंचल कार्यालय परिसर में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित भू-स्वामियों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में उपस्थित होकर आवेदन अवश्य जमा करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भारतमाला परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है और रैयतों के हितों की रक्षा करते हुए पारदर्शी एवं त्वरित मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है,जिससे परियोजना का कार्य समय पर पूर्ण हो सके और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित