रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच के बीच एक ओर जहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के दौरान अभनपुर में विवाद का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने पूरे प्रकरण में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभनपुर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के निवास पर ईडी की छापेमार कार्रवाई के दौरान कथित रूप से उनके पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी द्वारा विरोध किया गया। आरोप है कि इस दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने आज बताया कि अधिकारियों की लिखित शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और विवेचना जारी है।
इधर, मंत्री टंक राम वर्मा ने भारतमाला जांच को लेकर कहा है कि, "इस मामले में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह अधिकारी हो, नेता हो या कोई अन्य व्यक्ति, सभी पर कार्रवाई जारी है और आगे जांच और गहराई तक जाएगी। जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं। सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सरकार इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।"मंत्री वर्मा ने रायपुर में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के संबंध में कहा कि, "यह नियमित रूप से होने वाली समीक्षा बैठक है, जिसमें विभागीय कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाता है और अधिकारियों के लक्ष्य निर्धारित किए जाते हैं, ताकि काम में तेजी और गुणवत्ता बनी रहे।"उन्होंने 1 मई से शुरू होने वाले सुशासन तिहार को लेकर कहा कि, "यह कार्यक्रम एक महीने तक चलेगा। विष्णुदेव साय सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर इसका आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता को मिल रहे लाभ की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। मूलभूत समस्याओं का तत्काल निराकरण इस आयोजन की प्राथमिकता होगी।"रायपुर में नाबालिग से जुड़े चाकूबाजी हत्या मामले पर मंत्री ने कहा कि, "ऐसे अपराधों पर नियंत्रण के लिए ही कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई है। सरकार अपराध और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।"वहीं डीएमएफ से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि, "जहां भी अनियमितताएं सामने आएंगी, उनकी जांच की जाएगी और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।"उल्लेखनीय है कि भारतमाला परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर ईडी द्वारा लगातार छापेमारी और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जबकि राज्य सरकार भी समानांतर रूप से विभिन्न मामलों में जवाबदेही तय करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित