ऋषिकेश , मार्च 23 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश जनपद में अवैध शराब परोसने और पिलाने की लगातार मिल रही शिकायतों पर आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आज तड़के कार्रवाई कर चार रेस्टोरेंट संचालकों को पकड़ लिया।

आबकारी टीम ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने भानियावाला और डोईवाला क्षेत्र में होटल, ढाबों व रेस्टोरेंटों पर औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान चार रेस्टोरेंटों में अवैध रूप से शराब परोसे जाने का खुलासा हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से चार रेस्टोरेंट संचालकों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पाया गया कि बिना वैध लाइसेंस के ग्राहकों को खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पकड़े गए आरोपियों में रमेश रतूड़ी पुत्र राजेंद्र प्रसाद (फिश कॉर्नर रेस्टोरेंट), अमित सिंह पुत्र शिवराज सिंह (फिश कॉर्नर रेस्टोरेंट), शुभम रतूड़ी पुत्र लखीराम (गढ़वाल रेस्टोरेंट) तथा खिलपत सिंह पुत्र राम प्रसाद (चौहान रेस्टोरेंट) शामिल हैं। टीम ने मौके से अवैध रूप से परोसी जा रही शराब के संबंध में आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस किसी भी प्रतिष्ठान में शराब परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोहराई गईं तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेषकर पर्यटन क्षेत्रों और हाईवे किनारे स्थित होटल-ढाबों पर निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित