चंडीगढ़ , अप्रैल 06 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मूल सिद्धांत अंत्योदय, सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और आर्थिक विकास हैं।
भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर झंडा फहराने के बाद मीडिया से बातचीत में विज ने कहा कि भाजपा एक वैचारिक पार्टी है और अन्य दलों की तरह "भीड़ का समूह" नहीं है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में अंबाला छावनी में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए 24 घंटे का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक विषयों की जानकारी दी गई।
विज ने भाजपा के इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि 1951 में जनसंघ की स्थापना हुई थी, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने आगे बढ़ाया। बाद में 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कई नेताओं को बिना कारण जेल में डाला, जिससे जनता में रोष बढ़ा। इसके बाद हुए चुनाव में जनता पार्टी बनी और सत्ता में आई, हालांकि बाद में यह गठबंधन टूट गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित