कानपुर , जनवरी 22 -- केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर संत अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुये गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी संत समाज के सम्मान और सुरक्षा के लिये काम कर रही है। पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अपने पहले कानपुर दौरे पर आये श्री चौधरी ने कार्यकर्ताओं के जबरदस्त उत्साह के प्रति सम्मान जताते हुये कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण भाजपा की पहचान है। उन्होने कहा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मामले में सरकार गंभीर है। संतों का सम्मान और सुरक्षा भाजपा और राज्य सरकार के लिये सर्वोपरि है। भाजपा को सदैव संत समाज का आशीर्वाद मिलता रहा है।
मर्णिकर्णिका घाट में कथित रुप से प्रतिमायें खंडित किये जाने को लेकर उपजे विवाद पर उन्होने कहा कि इस मामले में जांच की जा रही है और सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होने कहा कि भाजपा ने आस्था और विकास को साथ लेकर चलने का काम किया है और भाजपा के सत्ता में आने के बाद तीर्थ स्थलों का कायाकल्प हुआ है।
कानपुर नगर निगम में भाजपा पार्षदों को लेकर हुये टकराव पर उन्होने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्षदों के मामले में दोनो पक्षों को सुना जा रहा है। इसके बाद दोषियों को चेतावनी दी जायेगी। भाजपा किसी जाति विशेष का दल नहीं है और समाज के हर वर्ग को लेकर चलना भाजपा का सिद्धांत है।
उन्होने खुद के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किये जाने को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया और कहा कि वर्ष 1994 से 2024 तक हर चुनाव में पार्टी ने उन्हे मौका दिया और जनसंख्या के लिहाज से दुनिया का पांचवां देश कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश में पार्टी के नेतृत्व की बागडोर सौंप कर उन पर भरोसा जताया, इसके लिये वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी आलाकमान के शुक्रगुजार हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि कानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के स्वागत से वह अभिभूत हैं। कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि चुनावी वर्ष में वह पूरे जोरशोर से पार्टी के हित में काम करें और दिये गये दायित्व को समर्पण भाव से पूरा कर भाजपा की एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में अपना योगदान दें।
इससे पहले श्री चौधरी का कानपुर पहुंचने में भव्य स्वागत किया गया। जाजमऊ से खुली कार पर सवार होकर श्री चौधरी के पीछे वाहनो का लंबा काफिला था। कानपुर विश्वविद्यालय के करीब 20 किमी तक के रोड शो पर दर्जनो स्थानो पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और पंखुड़ियां उड़ा कर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। जाजमऊ से विश्वविद्यालय तक के रोड शो के दौरान सड़क पर जाम के हालात बने रहे जिससे आमजन को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित