जयपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में जनसंपर्क नहीं कर पायी और उनकी सरकार होटलों में बंद रही जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पिछले दो वर्षों से लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रही है।

श्री दक सोमवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्होंनेकहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि वह दो साल तक घर से बाहर नहीं निकले थे। श्री दक ने कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई जिला नहीं होगा, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौरा नहीं किया हो। मुख्यमंत्री ने जिलों में प्रवास कर जनता की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाये।

उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार के दो वर्षों के बजट को देखा है और अब तीसरे बजट की तैयारियां चल रही हैं। हर वर्ग और हर समुदाय से संवाद कर बजट को लेकर सुझाव लिये जा रहे हैं, वहीं कांग्रेस सरकार की कई घोषणाएं आज भी अधूरी पड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई के दौरान करीब 70 से अधिक परिवाद सामने आये। जिन समस्याओं का त्वरित समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य परिवादों को संबंधित विभागों को भेजा गया है। श्री दक ने बताया कि सुनवाई में तबादलें, भूखंड विवाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित