लखनऊ/उन्नाव , फरवरी 25 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शंकराचार्य के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। बुधवार को उन्नाव और कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया गया है, जिसका संबंध भाजपा नेताओं से जुड़े लोगों से है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य देश और समाज के लिए पूजनीय हैं और उनका सम्मान बचाने के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ अधिकारियों के माध्यम से झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं।
गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के सहयोग से सामाजिक न्याय की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया है।
भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने स्लॉटर हाउस के मुद्दे पर भी सवाल उठाए और कहा कि भाजपा नेताओं को अपने कार्यालय से ही प्रदेश के सभी स्लॉटर हाउस बंद कराकर दिखाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में गौ सेवा के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और सपा सरकार में कन्नौज में स्थापित काऊ मिल्क प्लांट को बंद करा दिया गया।
वोटर लिस्ट के मुद्दे पर उन्होंने पंचायती राज विभाग और चुनाव आयोग की मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लाखों मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं और बड़ी संख्या में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असमंजस की स्थिति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित