कानपुर , फरवरी 13 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में नए-नए माफिया खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने एनकाउंटर माफिया, कफ सिरप माफिया, नीट माफिया और स्कैम माफिया जैसे "लेटेस्ट वर्जन" तैयार किए हैं।

श्री यादव ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार इन्फ्रास्ट्रक्चर देने में विफल रही है, जिसके कारण कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में निवेश नहीं आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीते नौ वर्षों में सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया है और आज प्रदेश को जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में स्थापित कारखानों से मिल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानपुर को "बदनामपुर" बना दिया है। यहां गरीब ब्राह्मण मां-बेटी की झोपड़ी जलाने की घटना, सीएमओ द्वारा डीएम के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर प्रेस वार्ता, गंगा नदी में नाले गिरने जैसे मुद्दों के कारण शहर की छवि खराब हुई है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस व्यवस्था भ्रष्ट हो गई है और "हथेली गरम, पुलिस नरम" की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि कानपुर में बेहतर माहौल और स्पष्ट नियम बनाए जाएं तो बड़े पैमाने पर निवेश संभव है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इटावा, कन्नौज और कानपुर को मिलाकर "ट्रायंगल ट्रेड" के रूप में क्षेत्र का विकास किया जाएगा। साथ ही गंगा नदी पर गोमती रिवरफ्रंट से बेहतर रिवरफ्रंट बनाने, रियल एस्टेट के जरिए नया कानपुर विकसित करने, लाल इमली को फिर से गुलजार करने तथा उद्योग और टेक्सटाइल सेक्टर को समर्थन देने की बात कही।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भाजपा कमजोर होती है तो वह सांप्रदायिक रास्ते पर चलने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सबसे अधिक फर्जी एनकाउंटर हुए हैं। उन्होंने हाईकोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि न्याय देने का काम अदालतों का है, पुलिस का नहीं।

उन्होने कहा कि प्रदेश का नौजवान हताश और निराश है। सरकार रोजगार और नौकरी नहीं देना चाहती क्योंकि ऐसा करने पर आरक्षण देना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर विकास को गति दी जाएगी और पीडीए के माध्यम से सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सनातन परंपराओं का अपमान कर रही है। शंकराचार्य को स्नान से रोकने, वाराणसी में दालमंडी, मणिकर्णिका घाट और कई मंदिरों को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप भी लगाए। मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि योगी वही होता है जिसमें इच्छाएं न हों और क्रोध न आए।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार सब कुछ निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने राफेल सौदे का जिक्र करते हुए कहा कि बाजार चीन और अमेरिका को दिया जा रहा है, ऐसे में 'मेक इन इंडिया' और स्वदेशी आंदोलन का क्या होगा, यह सवाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित