जयपुर , फरवरी 11 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अब तक जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं।

उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को राज्य बजट भाषण में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी के लिए सुरक्षित जल पहुंच के उद्देश्य से हमारी सरकार ने कार्यग्रहण करने के बाद जेजेएम को गति देते हुए इसके तहत हर घर नल से जल सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन दिए गए तथा 24 हजार करोड़ रुपए की लागत की 400 से अधिक पेयजल परियोजनाओं के कार्यादेश जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त पिछले वर्ष शहरी क्षेत्रों में समयबद्ध रुप से पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन (शहरी) के तहत चरणबद्ध रुप से पांच हजार 830 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कार्य कराये जाने की घोषणा की गई थी और इसी कड़ी में इस योजना का दायरा बढाते हुए प्रदेश के समस्त शहरों के मास्टर प्लान में दर्शाये गये परिनगरीय क्षेत्र के छह हजार 245 गांवों को सम्मिलित किया जायेगा। इसके लिए पांच हजार करोड़ रुपए का व्यय कर चरणबद्ध रुप से पेयजल आधारभूत संरचना संबंधी कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन (शहरी) के द्वितीय चरण के तहत दो हजार 530 करोड़ रुपए का व्यय कर 83 शहरों को जलापूर्ति के सर्विस लेवल संवर्द्धन के कार्य कराये जायेंगे। इसके अतिरिक्त अमृत 2.0 योजना के तहत आगामी वर्ष तीन लाख पेयजल कनेक्शन जारी किए जायेंगे। प्रदेश के बीकानेर, जोधपुर जालोर सांचोर एवं बालोतरा शहरों में जलापूर्ति अंतराल को सतत रुप से कम किए जाने के लिए स्रोत निर्माण्, उच्च एवं सवच्छ जलाशय, पंप लाइन संबंधी कार्य कराये जायेंगे। साथ ही देशनोक, बीकानेर में चौबीस घंटें पेयजल उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित हैं और इसके लिए 750 करोड़ रुपए का व्यय किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि नगरीय पेयजल योजना जैसलमेर के लिए मोहनगढ से गजरुप सागर तक अतिरिक्त पाइप लाइन एवं 30 एमएलडी फिल्टर प्लांट तथा डिग्गी का निर्माण लगभग 196 करोड़ रुपए की लागत से कराया जायेगा। जयपुर जिले के चाकसू एवं बस्सी तथा टोंक जिले के निवाई , टोडारायसिंह कस्बों तथा टोरड़ी , तिलांजू, डूंगरी, मांडोलाई, दातोब सहित एक हजार 92 गांवों की लगभग 20 लाख आबादी को बीसलपुर से पेयजल का आपूर्ति स्तर बेहतर करने के लिए सूरजपुरा से चाकसू तक नवीन ट्रांसमिशन लाइन संबंधी कार्य 650 करोड़ रुपए की लागत से कराये जायेंगे ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित