मिर्जापुर , मार्च 19 -- राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर रही है और उसकी नीतियां देश के लिए घातक साबित हो रही हैं।
श्री तिवारी नवरात्र के अवसर पर मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार एलपीजी की उपलब्धता को लेकर गलत दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर इसकी कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में एलपीजी के अभाव में राम रसोई तक बंद हो गई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र सरकार विदेश एवं आर्थिक नीतियों में भी विफल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के मद्देनजर सरकार को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा देश में एलपीजी एवं तेल के पर्याप्त भंडार होने का दावा किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति कुछ और ही संकेत दे रही है। श्री तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव की स्थिति बनी रहती है तो इसका प्रभाव देश पर भी पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित