जयपुर , अप्रैल 02 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर राजधानी जयपुर में स्थित गांधी वाटिका की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसकी अनदेखी पर सरकार की नीयत साफ नहीं है।
श्री गहलोत ने गुरुवार को अपनी सोशल मीडिया श्रृंखला इंतजारशास्त्र की ग्यारहवीं कड़ी में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमारे दबाव में म्यूज़ियम का ताला तो खोल दिया लेकिन अब इसकी घोर उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि क्या भाजपा महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों से इतनी भयभीत है कि वह इसे युवा पीढ़ी तक पहुंचने से रोकना चाहती है।
श्री गहलोत ने मांग की है कि स्कूलों एवं कॉलेजों के लिए यहां शैक्षणिक भ्रमण अनिवार्य हो। विज्ञापन एवं अन्य माध्यमों से इसका उचित प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को दबाने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित