जयपुर , अप्रैल 04 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि जोधपुर की नई सड़क पर जिस मल्टी-लेवल पार्किंग का काम सालों पहले पूरा हो जाना चाहिए था, वह आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की अदूरदर्शिता के कारण अधर में लटका है।
श्री गहलोत ने अपनी सोशल मीडिया श्रृंखला की 13वीं कड़ी में शनिवार को यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की कहानी भाजपा की 'अटकाने और लटकाने' की नीति का जीवंत प्रमाण है। वर्ष 2013 में भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को पांच सालों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार ने काम फिर शुरू कराया लेकिन 2020-21 में वैश्विक महामारी कोविड के कारण निर्माण की गति प्रभावित हुई। इसके बावजूद हमने हार नहीं मानी और 2022 में फिर काम शुरू किया। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2024 में इस प्रोजेक्ट को पूरा होकर जनता के काम आना चाहिए था, तब भी भाजपा सरकार इसका काम पूरा नहीं कर पा रही है।
श्री गहलोत ने कहा कि रही-सही कसर 'बजट की कमी' बताकर पूरी कर दी गई, जिससे अब पुलिस कंट्रोल रूम का निर्माण भी अटक गया है। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि क्या जोधपुर की जनता का हक मारना ही भाजपा का असली एजेंडा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित