भोपाल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र जीतू सिंह पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार और केंद्र पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में 'किसान कल्याण' नहीं बल्कि 'किसान शोषण' वर्ष मनाया जा रहा है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि जो स्वयं को किसान पुत्र बताते थे, वे आज सत्ता के अहंकार में किसानों की समस्याओं से दूर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के समय किसानों को सोयाबीन, गेहूं और धान के समर्थन मूल्य को लेकर बड़े वादे किए थे, लेकिन वास्तविकता में किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

किसानों की आय बढ़ने के दावों को खारिज करते हुए श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं और बड़ी संख्या में किसान डिफॉल्टर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।

उन्होंने गेहूं उपार्जन में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे किसानों को नुकसान हुआ और उन्हें मजबूरी में व्यापारियों को फसल बेचनी पड़ी। उन्होंने इसे किसानों के साथ आर्थिक अन्याय बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है और प्रशासनिक निर्णयों में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने रायसेन में आयोजित होने वाले कृषि मेले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह आयोजन किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय दिखावा मात्र है। श्री पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आगामी चुनावों में जनता जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित