रांची , फरवरी 04 -- झारखंड की राजधानी रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी रौशनी खलखो ने सोमवार को रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन से पूर्व उन्होंने शहर में एक लंबी और भव्य रैली निकाली, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, पार्टी झंडों और नारेबाजी के बीच रौशनी खलखो का जोरदार स्वागत किया गया। रैली में भाजपा के कई वरिष्ठ एवं बड़े नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने रौशनी खलखो का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
ज्ञातव्य है कि रौशनी खलखो इससे पूर्व नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं और उन्हें नगर निगम के कामकाज का अच्छा अनुभव है। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो शहर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने रांची को एक बेहतर और सुविधाजनक शहर बनाने का संकल्प दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित