देहरादून , दिसंबर 20 -- भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड राज्य के पर्वतीय स्वरूप को बरकरार रखने के लिए जल्दी ही "मेरी गणना, मेरा गांव" अभियान शुरू करेगी। जिसमें अन्य प्रदेश ही नहीं, विदेश में रहने वाले प्रवासियों से भी गांवों मे गणना सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया जाएगा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आरोपों पर भी पलटवार करते हुए कहा कि जनता के मन मस्तिष्क में अंकित कांग्रेस की तुष्टिकरण छवि कभी मिटने वाली नही है।

देहरादून स्थित कार्यालय में श्री भट्ट ने इस दौरान शीघ्र प्रारंभ होने वाली जनगणना को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का मानना है कि राज्य का कोई भी व्यक्ति, चाहे वो किसी भी प्रदेश या विदेश में रहे उसे अपनी गणना मूल क्षेत्र में करवानी चाहिए। क्योंकि विगत जनगणना के बाद हुए परिसीमन में बहुत ही दुखद पहलू पर्वतीय क्षेत्रों में विधानसभा की संख्या में कमी आना सामने आया था। लिहाजा राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे, इस मकसद से हमारा मत स्पष्ट है कि सभी अपनी गणना अपने अपने गांवों में सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने "मेरी गणना, मेरा गांव" की अपील करते हुए कहा कि कोई कहीं भी रहे, विदेश में भी, तो भी अपनी गणना गांव में करवाए। जिसके लिए शीघ्र ही पार्टी भी एक टीम बनाकर, इस अभियान को चलाने जा रही है। वह सभी प्रदेशों और विदेश में रह रहे लोगों से संपर्क कर अनुरोध करेगी कि वोट कहीं भी हो लेकिन अपनी गणना अपने गांव में ही करवाएं। ताकि राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे और पहाड़ी क्षेत्र में विधानसभा की संख्या व्यवहारिक और आवश्यकता के अनुरूप रहे।

श्री भट्ट ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा भाजपा पर की गई टिप्पणी पर पूछे सवाल का जवाब देते हुए कहा कि असली प्रमाणपत्र जनता देती है, जो चुनाव जिता कर साबित करती है कि वह किसे राम का वंशज मानती है और किसे रावण का। लिहाजा भाजपा को किसी के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है किसके कामकाज, आचार व्यवहार किससे मेल खाते हैं। कौन पाण्डव है, कौन कौरव या कहां राम या रावण।

उन्होंने कांग्रेस द्वारा हिंदू मुस्लिम की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमारी सरकारें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है। ये सब कांग्रेस और विपक्ष का एजेंडा रहता है कि तुष्टिकरण करो और पकड़े जाने पर आरोप लगे तो पलटकर हल्ला मचाना शुरू कर दो। कांग्रेस की ये तस्वीर जनता के मानस पटल पर इस कदर अंकित हो चुकी है कि वह चाहे भी तो पीछा नहीं छुड़ा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित