भदोही , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की औराई सुरक्षित विधानसभा सीट के भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की इच्छा जतायी है।

श्री भास्कर ने अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट कर कहा, " मैं राजनीति से सन्यास लेने पर विचार रहा हूं, जिसकी घोषणा अगले कुछ दिन में कर दूंगा। पोस्ट में कहा गया कि वैसे मैं परिवार सहित भाजपा में बना रहूंगा।" विधायक के अचानक राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

गौरतलब है कि दीनानाथ भास्कर ने बहुजन समाज पार्टी से अपने राजनीतिक जीवन का सफर शुरू करते हुए पार्टी में अच्छा खासा प्रभाव रखा। इस दौरान वे मंत्री पद पर भी विराजमान रहे। हालांकि बाद में उन्होंने बसपा से किनारा कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और सपा के विधायक बने। उसके बाद साइकिल की सवारी छोड़कर भाजपा के साथ जुड़ गए। जहां वे वर्ष 2017 और 2022 में लगातार दो बार जिले की औराई विधानसभा सीट पर विधायक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित