, Dec. 13 -- भीलवाड़ा, 13 दिसम्बर (वार्त) राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विकास कार्य करने की नीति और नीयत रखती है, इसी के कारण दो वर्षों में हर स्तर पर उपलब्धियां हासिल की है।
डाॅ बैरवा ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को यहां पत्रकारों से राज्य में नारी शक्ति के विकास, उद्योग, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और विद्युत से लेकर हर विभाग के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए डबल इंजन की सरकार की उपब्धियों का बखान किया।
इस अवसर पर उन्होंने भीलवाड़ा के विकास कार्यों को भी विस्तार से बताया। खनन क्षेत्र में 112 विकास कार्यों की बात कही। शहर में मान सरोवर झील, गांधीसागर और सांगानेर तालाब के विकास की योजनाएं भी बतायीं और अवैध खनन पर लगाम लगाने की बात भी कही।
इस मौके पर सांसद दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा आदि भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित