, April 16 -- ‎पटना, 16 अप्रैल। बिहार भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई और शुभकामनायें दी और कहा कि श्री नवीन का नया दायित्व देश और बिहार के विकास को नई गति प्रदान करेगा।

इस शपथ ग्रहण समारोह में शरीक हुए श्री सरावगी ने भाजपा के महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, जदयू के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री शिवेश राम को भी राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण के बाद बधाई और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने नए दायित्व के साथ बिहार और देश को विकास की नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि श्री नवीन का अनुभव एवं जनसेवा के प्रति समर्पण से आमजन की अपेक्षाओं को नई दिशा मिलेगी।

श्री सरावगी ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करने पर राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े का राजनीतिक अनुभव देश के उच्च सदन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्री तावड़े संसद में राष्ट्रहित एवं जनकल्याण के मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाते हुए विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

‎‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश महामंत्री शिवेश राम, जदयू के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा का भी बिहार से चुन कर राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेना सुखद है और ये सभी सदन में बिहार के हितों को सर्वोपरि मानते हुए जन-आकांक्षाओं को नई दिशा देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित