अम्बिकापुर, दिसंबर 20 -- छत्तीसगढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति तथा जिला अध्यक्षों की सूची घोषित कर दी गई है। इस घोषणा के साथ ही सरगुजा जिले से महिला नेतृत्व को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जिला भाजपा कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा सरगुजा से फुलेश्वरी सिंह को महिला मोर्चा का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं सोनू तिग्गा, नीलम राजवाड़े, आशा शुक्ला एवं रजनी बिंद को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। इन नियुक्तियों को महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और महिला सहभागिता को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इसके साथ ही भाजपा सरगुजा महिला मोर्चा के जिला नेतृत्व की जिम्मेदारी शुभांगी बिहाड़े को सौंपते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला मोर्चा पार्टी संगठन की एक मजबूत और महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नव नियुक्त महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वे पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगी। महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

भाजपा महिला मोर्चा में हुई इन नियुक्तियों से सरगुजा जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित