चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान' के अंतर्गत झज्जर स्थित भाजपा कार्यालय कमलम् में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने की। तीन सत्रों में आयोजित कार्यक्रम में सात विषयों पर चर्चा की गयी तथा कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता( एआई), सरल और नमो एप की जानकारी दी गयी।

श्री बड़ौली ने 'जिज्ञासा और समाधान' सत्र में संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि यह महाभियान विचार व्यवहार और नेतृत्व तीनों स्तरों पर कार्यकर्ताओं को समृद्ध करेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' को प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन व्यक्ति से बड़ा और राष्ट्र सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी कैप्टन भूपेंद्र ने 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य में नवाचार की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रदेश सह संयोजक मदन गोयल ने 'पंच परिवर्तन' विषय पर सामाजिक समरसता, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया कार्यक्रम में जिला महामंत्री दया किशन जांगड़ा, रवि बराही दिनेश कौशिक सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित