लखनऊ , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दल लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार कर 'लूटतंत्र' स्थापित करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 'लाल टोपी' से जुड़े नेता संभावित चुनावी पराजय से घबराकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि हार के डर से विपक्षी नेता ईवीएम को लेकर भ्रामक और भड़काऊ बयान दे रहे हैं, जो उनकी कुंठित मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि विकास की रफ्तार के सामने विपक्ष खुद को असहाय महसूस कर रहा है और इसी वजह से वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष के मन में फिर से अराजकता और अव्यवस्था का दौर लाने की मंशा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब रही है, जिसे जनता अच्छी तरह याद रखे हुए है। अब जनता शांति, सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने अन्य राज्यों के नेताओं का उल्लेख करते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि जनता अहंकार को बर्दाश्त नहीं करती। साथ ही ममता बनर्जी के संदर्भ में भी उनके शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां भी जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित