कानपुर , जनवरी 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कानपुर का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर आगामी 16, 17 एवं 18 जनवरी को गहन मतदाता पुनरीक्षण का विशेष अभियान कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों में एक साथ संचालित किया जाएगा। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
श्री पाल ने बताया कि इस विशेष अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का 16 जनवरी को प्रस्तावित कानपुर आगमन अगली तिथि तक स्थगित किया गया है। तीन दिवसीय इस अभियान में बूथ अध्यक्ष से लेकर जिले में निवास करने वाले मंडल, जिला, क्षेत्र, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे। अभियान के दौरान ऐसे पात्र मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं अथवा जिनके प्रपत्र अपूर्ण हैं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होने बताया कि सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में तीन दिन का प्रवास कर अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएंगे और बूथ स्तर तक इसकी निगरानी करेंगे।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि इस गहन मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान की प्रदेश एवं क्षेत्रीय स्तर से प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी, साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट नेतृत्व को प्रेषित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित