नयी दिल्ली , मार्च 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।

श्री नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और भाजपा के कार्यकर्ता पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में कहा कि पार्टी को भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि असम और पुडुचेरी में राजग की सरकार दोबारा बनने जा रही है।

श्री नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में भी जनता के आशीर्वाद से राजग और भाजपा की जीत का रास्ता मजबूत होता दिख रहा है। उनके अनुसार पार्टी के कार्यकर्ता इन राज्यों में पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने वाले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित