नयी दिल्ली , फरवरी 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधा और उनके आचरण पर सवाल उठाते हुये संसदीय मर्यादा को तार तार करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि संसद लोकतंत्र में उच्चतम मानकों और मर्यादाओं का प्रतीक मानी जाती है, लेकिन हालिया घटनाओं ने संसदीय परंपराओं को आघात पहुंचाया है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि श्री गांधी ने अपने व्यवहार, भाषा और शैली से राजनीति तथा संसदीय गरिमा को निम्न स्तर तक ले जाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी ने अपनी 'कुंठाग्रस्त शैली' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बार-बार अनर्गल और झूठे आरोप लगाये हैं।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि संसद में भाषा की एक मर्यादा होती है और जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे उसी के अनुरूप आचरण करें। उनके अनुसार, विपक्षी दलों का व्यवहार ऐसा रहा है मानो उन्होंने संसद की गरिमा का ध्यान नहीं रखा हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आचरण यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक पराजयों से निराश होकर संयम खो रही है।
श्री त्रिवेदी ने जनरल एमएम नरवणे की पुस्तक से जुड़े विवाद का भी उल्लेख करते हुये कहा कि जिस पुस्तक को लेकर श्री गांधी सवाल उठा रहे थे, उसके प्रकाशक और लेखक दोनों की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। उनके मुताबिक इससे साबित होता है कि गलत जानकारी प्रस्तुत की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित