मुंबई , मार्च 04 -- महाराष्ट्र में राज्यसभा सीट को लेकर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के भीतर जुबानी जंग तेज हो गई है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने बुधवार को पार्टी के राज्य कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) गुट में राउत का अब कोई महत्व नहीं रह गया है।

श्री बान ने दावा किया कि राज्यसभा सीट को लेकर एमवीए के तीनों सहयोगी दलों के बीच आंतरिक प्रतिस्पर्धा ने उनके निर्णय लेने की प्रक्रिया को रोक दिया है और प्रत्येक पार्टी अपने-अपने उम्मीदवार को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जहां आदित्य ठाकरे शरद पवार की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं वहीं राउत यूबीटी गुट के प्रवक्ता होने के बावजूद लगातार श्री पवार के नाम का समर्थन कर रहे हैं।

श्री बान के अनुसार, संजय राउत अपने वर्तमान कार्यकाल के समाप्त होने के बाद राज्यसभा में अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए एक चतुर राजनीतिक चाल चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राउत श्री पवार का नाम आगे बढ़ाने के लिए अपनी ही पार्टी में प्रियंका चतुर्वेदी को दरकिनार कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने श्री राउत की राजनीतिक प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उम्मीदवारी संबंधी निर्णयों के बारे में उनकी अपनी पार्टी में उनके शब्दों का कोई महत्व नहीं है।

श्री बान ने श्री राउत और यूबीटी गुट पर बार-बार चुनावी विफलताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया कि मतदाताओं ने उन्हें विधानसभा, नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति के लगातार चुनावों में नकार दिया है।

विदेश नीति के बारे में श्री राउत की टिप्पणियों पर, श्री बान ने कहा कि वैश्विक युद्ध जैसी स्थितियों और एपस्टीन फाइलों के साथ संबंध जोड़ना बौद्धिक दिवालियापन को दर्शाता है और राष्ट्रीय हित को नुकसान पहुंचाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित