नयी दिल्ली , अप्रैल 21 -- भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अपमानजनक बयान को लेकर मंगलवार को चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है और विपक्ष के नेता के बयान को आदर्श चुनाव आचार संहिता के विरुद्ध बताया है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा," हमने कांग्रेस के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी के विरुद्ध और शर्मनाक वक्तव्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है जिसमें उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को "आतंकवादी" कहां है।"पार्टी ने आयोग से अनुरोध किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को उनके इस अपमानजनक वक्तव्य के लिए तुरंत क्षमा प्रेषित करने के लिए कहा जाए।
श्री रिजिजु ने अपने इस पोस्ट के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त को भारतीय जनता पार्टी की ओर से लिखे गए शिकायती पत्र की छाया प्रति भी लगाई है। इसमें कहा गया है कि श्री खरगे ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के संदर्भ में एक सभा को संबोधित करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी के लिए कहा-"वह आतंकवादी हैं।" उनके इस बयान का अखबारों टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में व्यापक प्रसार हुआ है जिससे चुनाव का वातावरण दूषित हो गया है।
पार्टी ने कहां है कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है।
पार्टी ने श्री खरगे के बयान को चरित्र हनन करने वाला और चुनाव को प्रभावित करने के लिए असत्य बात को तथ्य के रूप में प्रस्तुत करने का कृत्य बताया है और कहां है कि यह भारतीय न्याय संहिता की धारा 175 के अंतर्गत अपराध है।
पार्टी की शिकायत है कि कांग्रेस अध्यक्ष का यह बयान मतदाताओं के चयन के स्वतंत्र विकल्प को प्रभावित करता है और यह भारतीय न्याय संहिता की धारा 171 और 174 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
भाजपा ने आयोग से अनुरोध किया है कि वह शिकायत का संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्यवाही करें और श्री खरगे से माफी मांगने के लिए कहे। भाजपा ने मांग किया कि उनके इस वक्तव्य को प्रचार सामग्री में शामिल करने से रोका जाए और मीडिया से भी इस वक्तव्य को हटाने को कहा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित