नयी दिल्ली/कोलकाता , मार्च 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कुछ दिनों से जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए बुधवार शाम को राज्य की पानीहाटी विधानसभा सीट से आरजी कर अस्पताल मामले में पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी सीट से अपना उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की।
सुश्री रत्ना देबनाथ की उम्मीदवारी को एक अहम राजनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा आरजी कर अस्पताल की लोमहर्षक घटना को लेकर लोगों की भावनाओं को चुनावी समर्थन में बदलने की कोशिश कर रही है।
इसके साथ ही भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए आज अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की की, जिसमें 19 नाम शामिल हैं।
पानीहाटी से उम्मीदवारी ने खास तौर पर सबका ध्यान खींचा है।
राजनीति के जानकारों ने इसे एक 'रणनीतिक दांव' बताया है, जिसका मकसद आरजी कर अस्पताल मामले को लेकर मतदाताओं की भावनाओं को अपने पक्ष में करना है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि सुश्री देबनाथ ने पहले ही भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। वह अपने पति के साथ हाल ही में पार्टी में शामिल हुई थी, जिससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर अटकलों को बल मिला। पार्टी नेतृत्व ने हालांकि आधिकारिक घोषणा होने तक इस पर कोई पक्का बयान नहीं दिया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुवेंदु अधिकारी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने यही कहा था कि उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला नयी दिल्ली में मौजूद केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित