श्रीनगर , मार्च 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को परिवहन किराये में हाल ही में की गयी 18 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर उमर अब्दुल्ला सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि इस फैसले से गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
यहां संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता मंजूर भट ने कहा कि किराये में वृद्धि का सीधा असर उन आम लोगों पर पड़ेगा, जो अपनी दैनिक यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। उन्होंने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा कराने के उमर सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा, "ज्यादातर गरीब और मध्यम वर्ग के लोग बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग करते हैं। किराये में 18 प्रतिशत की वृद्धि उनके लिए गंभीर मुश्किलें पैदा करेगी।"श्री भट ने परिमपोरा बस टर्मिनल की स्थिति की भी आलोचना की और दावा किया कि कई साल पहले बटमालू से स्थानांतरित किये जाने के बावजूद यह सुविधा जर्जर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि पीडीपी सरकार के दौरान बटमालू क्षेत्र को मिनी सचिवालय में बदलने के पिछले प्रस्ताव के कारण परिवहन सेवाओं को परिमपोरा स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज परिमपोरा बस टर्मिनल खस्ताहाल है, जबकि बटमालू की वह जमीन, जिसे मिनी सचिवालय के लिए प्रस्तावित किया गया था, अब भी काफी हद तक खाली पड़ी है।
भाजपा नेता ने कहा कि बस स्टैंड के स्थानांतरण ने कई छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और परिवहन सेवाओं से जुड़े उन लोगों की आजीविका प्रभावित की है, जो पहले बटमालू बस टर्मिनल के आसपास काम करते थे। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सरकारी नीति का जिक्र करते हुए श्री भट ने कहा कि हालांकि यह पहल ऊपर से फायदेमंद लगती है, लेकिन इसका वित्तीय बोझ परोक्ष रूप से अन्य यात्रियों पर डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा, "कई मामलों में पुरुष यात्रियों और परिवार के सदस्यों को अधिक किराया देने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यह किस तरह की नीति है, जहां सरकार एक तरफ मुफ्त सेवा देने का दावा करती है और दूसरी तरफ दूसरों से अधिक शुल्क वसूल कर इसकी भरपाई करती है?"श्री भट ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर प्रभावी परिवहन नीति बनाने में विफल रहने का आरोप लगाया और दावा किया कि जहां सरकार ने जनता के लिए किराये बढ़ा दिये हैं, वहीं मंत्रियों और विधायकों के वेतन और भत्तों में भी वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसले उन आम नागरिकों पर अनावश्यक बोझ डालते हैं, जो पहले से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने यह दावा भी किया कि वर्तमान सरकार अपने अब तक के कार्यकाल के दौरान कई मोर्चों पर विफल रही है।उन्होंने हालांकि पिछले दशक में जम्मू-कश्मीर के विकास के प्रति निरंतर प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की प्रशंसा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित