हैदराबाद , मार्च 20 -- तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शुक्रवार को पेश किए गए वर्ष 2026-27 के राज्य बजट को "विफल, झूठा और फैंसी बजट" करार देते हुए कहा कि यह जनता की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह असमर्थ है।
श्री राव ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट "आंकड़ों की बाजीगरी" है और इसमें किसी भी नई पहल का अभाव है और यह पिछले वर्ष के अनुमानों की नकल मात्र है। उन्होंने कहा कि दो साल से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद, सरकार के पास ठोस विकास के नाम पर दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है।
श्री राव ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे तो आवंटन बढ़ा हुआ प्रतीत होता है, लेकिन कुल बजट में इसकी हिस्सेदारी लगभग आठ प्रतिशत ही बनी हुई है। उनके दावे के अनुसार अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए बिना केवल "बड़े-बड़े दावे" किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित