तिरुवनंतपुरम , दिसंबर 13 -- केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक घटनाक्रम के तहत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में लगभग आधी सीटें जीतकर एक अभूतपूर्व जीत दर्ज की है।
राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम को लंबे समय से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ माना जाता रहा है।
गत नौ दिसंबर को हुए स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बाद राजग ने 101 वार्ड वाले निगम में बहुमत हासिल करके सबको चौंका दिया। इस जीत से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस शहर में दशकों से चले आ रहे वामदलों और कांग्रेस प्रभुत्व का पराभव हो गया है।
यहां के स्थानीय चुनाव में भाजपा-राजग ने 50 सीटें जीतीं जबकि वाम दलों के गठबंधन एलडीएफ को 29 सीटें मिलीं, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा को 19 सीटें मिलीं। निर्दलीय तथा अन्य को दो सीटें पर संतोष करना पड़ा। राजग को हालांकि बहुमत से एक सीट कम मिली है पर वह सबसे बड़ा दल बन कर उभरा है और उम्मीद की जा रही है कि वह बहुमत साबित करने में सफल रहेगा।
तिरुवनंतपुरम के अलावा भाजपा ने त्रिपुनिथुरा नगर पालिका सहित अन्य स्थानीय निकायों में भी उल्लेखनीय जीत दर्ज की है। यह पूरे राज्य में राजग की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर ने भाजपा की जीत को "ऐतिहासिक प्रदर्शन" और बदलते मतदाता रुझान का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने इस मील के पत्थर वाली जीत के लिए भाजपा और अन्य स्थानीय निकाय प्रतियोगिताओं में मजबूत प्रदर्शन के लिए यूएडीएफ दोनों को बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित