चंडीगढ़ , दिसंबर 23 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरु साहिब और साहिबजादों के 'कार्टून' बनाकर पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
श्री धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा समय-समय पर अपनी हरकतों से यह साबित करती रही है कि उसके मन में पंजाबकी अस्मिता के प्रति रत्ती भर भी सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा ने सारी हदें पार कर दी हैं। एक तरफ जहां पूरा विश्व 'शहीदी सप्ताह' के आध्यात्मिक माहौल में लीन है, दूसरी ओर भाजपा ने गुरु साहिबान और साहिबजादों के 'कार्टून' बनाकर एक शर्मनाक पोस्टर जारी किया है। सिख धर्म की मर्यादा में गुरुओं का चित्रण या कार्टून बनाना पूरी तरह वर्जित है। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस हरकत ने न केवल सिख सिद्धांतों का उल्लंघन किया है, बल्कि दुनिया भर के सिखों और पंजाबियों के दिलों को गहरी ठेस पहुंचाई है।
श्री धालीवाल ने इस संवेदनशील मुद्दे पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी) और उनके अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और हैरान करने वाला है कि जिस समय भाजपा द्वारा यह अपमानजनक पोस्टर जारी किया गया, उसी वक्त एस.जी.पी.सी को इसका कड़ा विरोध करना चाहिए था, लेकिन राजनीतिक साठगांठ के कारण अभी तक उनकी ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है।
श्री धालीवाल ने मांग की कि भाजपा की पूरी केंद्रीय और प्रांतीय लीडरशिप अपनी इस गलती के लिए तुरंत और बिना किसी शर्त के दुनिया भर के सिखों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और एसजीपीसी से भी अपील की कि वे भाजपा की इस मर्यादा विरोधी हरकत का कड़ा संज्ञान लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित