नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस शासित राज्यों के शासन मॉडल पर गंभीर सवाल उठाते हुए, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जनता जब किसी दल को सत्ता सौंपती है, तो वह अपेक्षा करती है कि सरकार प्रदेश को विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ाए, लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में इससे उलट भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की सरकार पर कर्नाटक वाइन मर्चेंट्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार पर करीब 6,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है।
श्री त्रिवेदी ने कहा का वाइन मर्चेंट्स एसोसिएशन का दावा है कि रेस्टोरेंट और होटलों को शराब के आवंटन के नाम पर बड़े पैमाने पर धन की वसूली की गई, जो सरकार के विभिन्न स्तरों पर बैठे मंत्रियों और अन्य प्रभावशाली लोगों तक पहुंचती थी। उन्होंने कहा कि यह आरोप कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और भ्रष्टाचार के प्रति उसकी सोच को उजागर करता है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि वह उस समय को भी याद दिलाना चाहते हैं, जब भाजपा विपक्ष में थी और कई राज्यों में कांग्रेस सरकारें थीं। उस दौर में गुजरात मॉडल की चर्चा देशभर में होती थी, जिसे विकास, पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का उदाहरण माना जाता था। श्री त्रिवेदी ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान ऐसी योजनाएं लागू की, जिससे बच्चियों का भविष्य सुरक्षित हुआ और सामाजिक सशक्तिकरण को मजबूती मिली।
श्री त्रिवेदी ने कर्नाटक के संदर्भ में कहा कि वर्ष 2008 में जब राज्य में भाजपा की सरकार थी, तब किसानों को एक वर्ष के लिए बिना ब्याज के ऋण देने की योजना लागू की गई, जो सफल रही और किसानों को बड़ी राहत मिली थी। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि जब नीयत सही हो, तो सरकारें जनहित में ठोस फैसले ले सकती हैं।
श्री त्रिवेदी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के शासन को लेकर भी तीखा हमला करते हुये कहा कि यह बेहद दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि वहां केवल राजनीतिक स्वार्थ और घुसपैठियों के वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा की कीमत पर राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया गया, जो किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित