पन्ना , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नगर परिषद देवेंद्रनगर की अध्यक्ष के पति ललित गुप्ता पर जानलेवा हमला हुआ। चलती गाड़ी में आरोपी युवक ने उन पर गोली चला दी, जिससे श्री गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सतना रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के रंजो ढाबा के पास हुई। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित