बेंगलुरु , जनवरी 12 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के फंड में कटौती और इसे कमजोर करने का प्रयास उसकी जनविरोधी मानसिकता और गरीबों के बजाय कॉर्पोरेट हितों को अधिक प्राथमिकता देना दर्शाते हैं।
श्री खरगे ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मनरेगा एक अधिकार-आधारित कानून था। इसे ग्रामीण गरीबों को रोजगार और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया था। उन्होंने याद दिलाया कि यह कानून पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के दौरान लाने का उद्देश्य गरीबों के लिए काम का अधिकार और उनकी आजीविका सुनिश्चत करना था।
श्री खरगे ने आरोप लगाया कि केंद्र अब इस योजना की जड़ पर ही हमले की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत स्तर पर किये जा रहे कार्यों को बाधित करने और जमीनी स्तर पर इसे कमजोर करने के लिए सरकार नीति में बदलाव कर रही है।
श्री खरगे ने कहा कि 60:40 फंडिंग फॉर्मूला लागू कर केंद्र राज्यों पर 30 प्रतिशत का अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल रहा है। असल में वह अपनी जिम्मेदारी कम कर रहा है और राज्यों पर डाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'उसका इरादा गरीबों को मिलने वाली मदद रोकना है' और कल्याणकारी योजनाओं को धीरे-धीरे खत्म करने की सोची-समझी कोशिश की जा रही है।
श्री खरगे ने कहा, "वे एक-एक कर सभी ऐसी योजनाओं को हटाना चाहते हैं। वे खुलेआम कहते हैं कि गरीबों के लिए लाभ रोका जाना चाहिए और जो कारण देते हैं, वे तर्कसंगत नहीं है।"भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा, "यदि वे मनरेगा का विरोध करते हैं, तो इसका मतलब है कि वे जनविरोधी हैं। गरीबों की मदद करने के बजाय श्री मोदी कॉर्पोरेट घरानों की मदद की ओर बढ़ रहे हैं।"श्री खरगे ने मनरेगा की आलोचना और योजना को खत्म करने की मांगों पर जवाब देते हुए कहा कि इसे कमजोर करने के बहाने के तौर पर लेखा जांच एजेंसियों को पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना में छिपाने जैसा कुछ नहीं है और नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने अपनी रिपोर्ट में माना है कि मनरेगा के जरिये स्थायी संपत्तियों का निर्माण हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित