नयी दिल्ली , दिसंबर 14 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि भाजपा की सरकार वोट चोरी से बनी है और असत्य की नींव पर टिकी इस सरकार की असलियत अब उजागर हो गयी है इसलिए देश को गुमराह करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करना जरूरी हो गया है।

श्री खरगे ने रविवार को यहां रामलीला मैदान में पार्टी की 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा झूठ पर टिकी है। कांग्रेस इसी झूठ के खिलाफ खड़ी है और सत्य की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस की सत्य की विचारधारा है और उनके नेता राहुल गांधी इसी सत्य की विचारधारा के लिए लड़ रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी की सत्य की इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना है और देश में वोट चोरी के इनके खेल को खत्म करना है। इसके लिए सबसे पहले भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश को आरएसएस की विचारधारा नहीं, कांग्रेस की विचारधारा ही आगे ले जा सकती है। झूठ में ताकत नहीं होती है इसलिए यह सरकार डरती है और संसद में सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देती है। सरकार से सवाल पूछे जा रहे हैं लेकिन संसद में एक सवाल का भी जवाब नहीं मिलता। संसद में एसआईआर पर चर्चा नहीं करते बल्कि वंदे मातरम के सहारे देश को गुमराह करने का काम करते हैं। उनका कहना था कि भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास गड़बड़ा गया है और इसकी वजह है कि वे सत्य के सामने आने से बहुत डरे हुए हैं। उन्हें पता चल गया है कि वोट चोरी की उनकी साजिश का अब खुलासा हो चुका है।

श्री खरगे ने कहा कि भाजपा आरएसएस की विचारधारा खतरनाक है। इनकी विचारधारा गरीबों के हित में नहीं है इसलिए इस विचारधारा को खत्म करना जरूरी है और इसके लिए सबसे पहले भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को वोट देने का अधिकार दिया है लेकिन भाजपा सरकार इस अधिकार को गरीबों से छीनना चाह रही है और देश में गरीबी को बढ़ावा देकर अपने चंद अमीर मित्रों को अरबपति बना रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई गरीब के हित में है, वोट चोरी के खिलाफ है, असत्य के खिलाफ है और देश के संविधान को बचाने और इसे खत्म करने पर तुली भाजपा आरएसएस के खिलाफ है। इस सरकार ने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर दिया है और आज लड़ाई देश के संविधान तथा देश की नागरिकों की अधिकारों को बचाने की है। कांग्रेस इसी के लिए लड़ रही है और वह इस लड़ाई को जीतने के लिए देश के सब नागरिकों का सहयोग मांग रही है ताकि गरीब विरोधी भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर वाेट चोरी का आरोप लगाया और कहा कि वह चोरी से ही सरकार बनाती है और अब उसने कांग्रेस से वंदे मातरम् को भी चोरी कर लिया है। वंदे मातरम् के नाम पर देश के लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित