चंडीगढ़ , जनवरी 31 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक शनिवार को यहां प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी की आगामी दिनों की रणनीति तैयार की गयी और दो प्रस्ताव पारित किये गये।
बैठक में विशेष तौर पर राष्ट्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह रैना, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा प्रदेश महामंत्री संगठन मंथरी श्रीनिवास सुलु उपस्थित रहे।
श्री जाखड़ ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री गुरु रविदास के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पंजाब के लोगों की भावनाओं को समझते हैं और गुरु रविदास के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए उस दिन पंजाब का दौरा कर रहे हैं, जिस दिन संसद में बजट भी पेश किया जाना है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पार्टी की कोर कमेटी ने उनका धन्यवाद करते हुए प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरे से पंजाब में भाईचारे की भावना और मजबूत होगी।
दूसरे प्रस्ताव के बारे में श्री जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले जालंधर में देश-विरोधी ताकतों द्वारा दी जा रही बम की दी जा रहीं धमकियां पंजाब सरकार और पुलिस विभाग की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था संभालने में असफल रहने के कारण पार्टी ने पंजाब सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले ही सुरक्षा की स्थिति ऐसी है, तो आम लोगों के मनमें किस प्रकार का भय का माहौल होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार पुलिस का उपयोग कानून-व्यवस्था बहाल करने के बजाय अपने राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने और मीडिया की स्वतंत्रता छीनने में कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पंजाब केसरी तथा अन्य मीडिया संस्थानों, स्वतंत्र पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ दर्ज किये गये पुलिस मामले इस सरकार के रवैये का प्रमाण हैं, जिसमें लोगों के बोलने के अधिकार को छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता और लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी छीनने की इस सरकार को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान केवल एक मुखौटा मुख्यमंत्री बनकर रह गये हैं। श्री केजरीवाल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का पतन उस समय शुरू हुआ था, जब उनके द्वारा बनाये गये तथाकथित आवास से जुड़े तथ्य सामने आये थे, और अब पंजाब में भी उनके बनाये आवास के रहस्य खुलने लगे हैं। यह पंजाब में आम आदमी पार्टी के अंत की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि बदलाव के नाम पर आयी इस पार्टी ने राज्य को जो नुकसान पहुंचाया है, उसे आगे और नुकसान करने से रोकने के लिए आगामी चुनावों में इसे सत्ता से बाहर करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित