कानपुर , अप्रैल 5 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के अवसर पर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सभी जिला मुख्यालयों को आकर्षक झालरों और दूधिया रोशनी से सजाया गया है। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी के झंडे और केसरिया गुब्बारे लगाकर तैयारियों का जायजा लिया।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि 6 अप्रैल को प्रातः 11 बजे क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वारा पार्टी का ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के सभी जिलों एवं जिला मुख्यालयों पर भी पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने आवासों पर भी झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाएंगे। इस अवसर पर विभिन्न कार्यालयों में मिष्ठान वितरण तथा वरिष्ठ नेताओं द्वारा पार्टी की विकास एवं वैचारिक यात्रा पर संबोधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी, मोहित सोनकर, विकास दुबे, वीरेंद्र तिवारी, प्रेमनाथ विश्नोई और लज्जाराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित