बेंगलुरु , दिसंबर 26 -- केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है, लेकिन कर्नाटक, कांग्रेस सरकार के तहत गिरावट की ओर बढ़ रहा है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 'अटल पुरस्कार वितरण और सुशासन दिवस' कार्यक्रम में बोलते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि केंद्र के निर्णायक नेतृत्व के कारण भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।

उन्होंने कर्नाटक की कांग्रेस नीत सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जो राज्य कभी शासन और विकास के लिए एक मॉडल माना जाता था, वह अब सभी क्षेत्रों में प्रशासनिक गिरावट देख रहा है।

कुमारस्वामी ने कहा, "कर्नाटक कभी अपने उत्कृष्ट शासन और मजबूत विकास मॉडल के लिए देश भर में जाना जाता था, लेकिन वर्तमान कांग्रेस प्रशासन के तहत ये उपलब्धियां उलट गई हैं और राज्य गलत दिशा में जा रहा है।"जद(सेक्युलर) नेता ने आरोप लगाया कि कर्नाटक पहले शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी था लेकिन अब शिक्षा क्षेत्र को गंभीर नुकसान पहुँचाया गया है। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व जैसे विभागों में शासन व्यवस्था खराब हुई है और राज्य ओछी राजनीति का केंद्र बन गया है।

बेंगलुरु का जिक्र करते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि जिस शहर को कभी आईटी और जैव प्रौद्योगिकी की राजधानी तथा शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी का केंद्र माना जाता था, उसके बुनियादी ढांचे में भारी गिरावट आई है। उन्होंने राज्य सरकार पर विशेषज्ञों की सलाह स्वीकार करने की इच्छाशक्ति की कमी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया।

हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि शासन में सुधार होता है, तो कर्नाटक में अभी भी विकास और प्रगति की अपार संभावनाएं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित